रायबरेली , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला न्यायालय की सेंट्रल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुरेश चन्द्र यादव का शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की ओर से सम्मान किया गया। इस अवसर पर श्री यादव ने कहा कि वह संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के दायरे में रहकर अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा उनके हितों से कभी समझौता नहीं करेंगे। श्री यादव ने कहा कि जब वह बार एसोसिएशन के महामंत्री थे, तब समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को बार एसोसिएशन में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने बताया कि विपक्ष में रहते हुए भी मुलायम सिंह यादव ने पार्टी फंड से बार एसोसिएशन को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी थी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकारों ने तहसील से लेकर उच्च न्यायालय तक अधिवक्ताओं के लिए चेंबर निर्माण सहित अनेक कल्याणकारी कार्य किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित