देवरिया , अप्रैल 13 -- भारतीय जनता पार्टी के देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार अधिवक्ताओं के हितों और उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के कचहरी परिसरों में वकीलों के बैठने के स्थानों की स्थिति में सुधार हुआ है और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
सोमवार को कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक ने देवरिया कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर में आधुनिक शौचालय निर्माण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिवक्ता के पास आयुष्मान कार्ड न भी हो, तब भी बीमारी के समय उपचार में धन की कमी बाधा नहीं बनने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि देवरिया देवरहा बाबा की तपोभूमि है और यहां के लोग सनातन परंपराओं से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि शहर में एक अवैध निर्माण को हटाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके अनुसार अधिवक्ताओं ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर यह सिद्ध किया कि संबंधित निर्माण सरकारी भूमि पर था, जिसके बाद उसे हटाया गया।
उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अपराधी तत्वों और माफियाओं का प्रभाव अधिक दिखाई देता था, जबकि वर्तमान समय में कानून का राज स्थापित हुआ है और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई की गई है।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतम मिश्रा, मंत्री जय प्रकाश मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष बृज बांके तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता दशरथ पाण्डेय, आनंद राय, शिवनाथ शर्मा, विनोद शर्मा, वेद प्रकाश दुबे सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित