देवरिया , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में गुरूवार को कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है और मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए बार-बेंच के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे।
जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आज आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए विधायक श्री त्रिपाठी ने कहा कि न्याय व्यवस्था की रीढ़ अधिवक्ता हैं। वादकारियों को समय से न्याय मिले, इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि देवरिया के अधिवक्ताओं ने हमेशा न्याय और जनहित के लिए संघर्ष किया है। उनकी सरकार अधिवक्ताओं की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि अधिवक्ता समाज के सबसे जागरूक वर्ग हैं और उनके हितों के लिए वह हर स्तर पर सहयोग करते रहेंगे। जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय से ही वादकारियों को त्वरित न्याय मिल सकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और अधीनस्थ न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा कि वे अधिवक्ताओं का सम्मान करें और मुकदमों का निस्तारण समय से करें।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने कहा कि पुलिस प्रशासन अधिवक्ताओं के सम्मान का विशेष ध्यान रखेगा। उन्होंने कहा कि सभी थानाध्यक्षों और पुलिसकर्मियों को अधिवक्ताओं के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि अनावश्यक टकराव से बचा जा सके।
समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष बृज बांके तिवारी, उपाध्यक्ष ललित नारायण पाण्डेय, महामंत्री शिवानंद त्रिपाठी सहित पूरी कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान अधिवक्ता प्रीतम मिश्र ने अधिवक्ताओं के सम्मान, प्रशासनिक समन्वय और पीड़ित पक्षकारों को त्वरित न्याय दिलाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। जिस पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सहमति जताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित