मोतिहारी , अक्टूबर 31 -- बिहार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने शिक्षकों, पदाधिकारियों और कर्मियों के खातों में अधिक वेतन की निकासी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित राशि दो से तीन दिनों के भीतर वापस करने के निर्देश दिए हैं।

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि विभाग के अधिकारी अवैध निकासी के मामलों की जांच कर शीघ्र प्रतिवेदन दें। निर्धारित समय में राशि वापस नहीं करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यालयों में कराए गए रखरखाव कार्यों में अनियमितता की भी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

श्री अनिल ने आज पूर्वी चंपारण जिले के समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त की मौजूदगी में आयोजित बैठक में उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि गलती हो जाना अलग बात है, लेकिन जानबूझकर गलती करना गंभीर मामला है। उन्होंने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र के शिक्षकों एवं कर्मियों को अधिक वेतन की राशि वापस करने संबंधी निर्देश से अवगत कराने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित