उज्जैन , जून 16 -- विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में अधिक मास के अंतिम तीन दिनों के दौरान सात लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार मंदिर की दर्शन और कतार व्यवस्था पूरे समय सुचारू एवं निर्बाध रूप से संचालित होती रही।

विज्ञप्ति के अनुसार अधिक मास के अंतिम दिन 15 जून को दो लाख 61 हजार 781 श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ प्राप्त किया। इससे पहले 14 जून को दो लाख 47 हजार 894 तथा 13 जून को दो लाख 36 हजार 975 श्रद्धालु भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर चुके थे।

मंदिर प्रबंध समिति ने कुछ समाचार पत्रों और सोशल मीडिया माध्यमों में प्रसारित खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि एक महिला श्रद्धालु के घायल होने की घटना महाकालेश्वर मंदिर परिसर में नहीं, बल्कि हरसिद्धि मंदिर चौराहा और चारधाम मंदिर मार्ग के बीच स्थित सड़क पर हुई थी।

समिति के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही निकट तैनात सुरक्षा कर्मियों ने महिला को तत्काल सहायता प्रदान कर उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के बाद उन्हें सिविल अस्पताल रेफर किया गया तथा उनके उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि घटना को मंदिर की दर्शन व्यवस्था या किसी कथित भगदड़ एवं अव्यवस्था से जोड़कर प्रसारित की जा रही जानकारी भ्रामक और तथ्यहीन है। मंदिर में दर्शन एवं कतार व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित