दरभंगा , मई 04 -- बिहार के दरभंगा व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता केन्द्र भवन में बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के तत्वावधान में सोमवार को ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित पाँच दिवसीय "सितारा सप्ताह" का भव्य शुभारंभ किया गया।
यह आयोजन बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के तत्वावधान में 04 से 08 मई तक चलेगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जूनैद आलम, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी तथा मंगलामुखी समुदाय की प्रतिनिधि राजनन्दिनी, चांदनी, गौड़ी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सचिव आरती कुमारी ने "सितारा सप्ताह" के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को भी अन्य नागरिकों की तरह समान अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनके लाभ तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि "सितारा सप्ताह" के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक समावेशन को लेकर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित