सुलतानपुर , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर के जिला न्यायाधीश सुनील कुमार ने आज राष्ट्रीय लोक अदालत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र के भाव को समझते हुये न्यायालयों पर बढ़ते मुकदमों के बोझ को कम करने के लिए विभाग अपना योगदान दें। समस्याओं का समय से समाधान न हुआ तो समस्याएं बढ़ती जाएंगी। जनता की उम्मीदें उन्हीं से हैं इसलिए न्यायालय की बड़ी भूमिका है।
सुलतानपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में बैंक अधिकारियों ने न्यायालयों के विद्वान न्यायाधीशों का स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर जिला जज सुनील कुमार (चतुर्थ) ने अधिवक्ताओं और संबंधित विभागों को संबोधित करते हुए कहाकि हमें देखना चाहिए कि हमारे राष्ट्र का भाव, भावना क्या और कैसी है, आज राष्ट्र का भाव यही है कि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा सुलह समझौते और मध्यस्थता के आधार पर हो जाए। उतना ही न्यायालय के लिए बेहतर है। यदि न्यायालय मामलों का निपटारा नहीं करेंगे तो सभी विभागों पर बोझ बढ़ेगा। हम चूंकि न्याय विभाग से हैं, इसलिए हम पर सभी की निगाहे रहती है। वास्तविकता यही है कि अगर समस्याओं का हम समय पर समाधान नहीं करेंगे तो समस्याएं बढ़ती जाएंगी। न्यायालयों पर पहले से ही अत्यधिक बोझ है।
जिला जज ने लोगो से आह्वान किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सभी अधिवक्ता, बैंक, बीमा, बिजली, राजस्व सहित सभी विभाग लोक अदालतों में अपना पूर्ण सहयोग दें, जिससे अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित