चेन्नई , अप्रैल 20 -- तमिलनाडु में चेंगलपट्टू की पारिवारिक अदालत ने सोमवार को अभिनेता और 'तमिलगा वेत्री कज़गम' (टीवीके) संस्थापक विजय की पत्नी संगीता की ओर से दायर तलाक की याचिका पर अगली सुनवाई 15 जून तक टाल दी है।

श्रीमती संगीता ने श्री विजय पर अवैध संबंधों में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए विवाह विच्छेद की मांग की है।

श्री विजय और श्रीमती संगीता दोनों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के समक्ष पेश हुए।

उनकी उपस्थिति दर्ज करने के बाद पीठासीन न्यायाधीश ने अगली सुनवाई 15 जून के लिए निर्धारित की और दोनों को उस दिन भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश होने का निर्देश दिया।

इस दंपती की शादी को 27 साल हो चुके हैं। श्रीमती संगीता ने 24 फरवरी को चेंगलपट्टू जिला प्रधान सत्र न्यायालय में बेवफाई के आधार पर तलाक की याचिका दायर की थी। बाद में इस मामले को चेंगलपट्टू पारिवारिक अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया था।

पिछली सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को समन जारी किया गया था और मामले को 20 अप्रैल के लिए सूचीबद्ध किया गया था। आज इस पर सुनवाई हुई और दोनों के पेश होने के बाद इसे फिर से 15 जून तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

दिसंबर 2025 में दायर अपनी पहली 12 पन्नों की याचिका में, जिसे इस साल फरवरी में सार्वजनिक किया गया था, संगीता ने गुजारा भत्ता (एलुमनी) और नीलांकरई स्थित अपने ससुराल में रहने के अधिकार की मांग की है। इस याचिका के समय को लेकर भी सवाल उठाये गये, क्योंकि श्री विजय और उनकी नयी पार्टी 'टीवीके' पहली बार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उन्होंने अपनी फाइलिंग में विवाह से जुड़े अन्य मुद्दे भी उठाये हैं।

तलाक की याचिका दायर करने के बाद अभिनेता और राजनेता विजय की पत्नी ने सात मार्च को पारिवारिक अदालत में एक दूसरी याचिका भी दायर की थी, जिसमें उन्होंने वित्तीय सहायता और रहने के लिए आवास की मांग की थी।

श्रीमती संगीता ने आगे कहा कि अभिनेता के कृत्यों के कारण शादी पूरी तरह से टूट गयी, क्योंकि उन्होंने अलग रहना शुरू कर दिया और सुलह के सभी प्रयासों को नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि इस उपेक्षा और जारी अवैध संबंधों ने उनके लिए सम्मान के साथ इस रिश्ते को जारी रखना असंभव बना दिया।

उन्होंने याचिका में इस बात पर भी जोर दिया कि उनके व्यक्तिगत संबंधों के टूटने के बावजूद, वह अपने बच्चों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध रहीं, लेकिन अभिनेता की निरंतर उदासीनता ने उन्हें औपचारिक अलगाव के लिए कानूनी रास्ता अपनाने को मजबूर कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित