अहमदाबाद , मार्च 26 -- दिव्यांगों की उन्नति के काम में लगे संगठन यूथ4जॉब्स की पहल नॉटजस्टआर्ट ने अदाणी ग्रीनएक्सटाक्स के साथ साझेदारी में दिव्यांगों के लिए वैश्विक फोटोग्राफी प्रतियोगिता- ग्लोबल एबिलिटी फोटोग्राफी चैलेंज 2026 के 5वें संस्करण की घोषणा की है।

ग्लोबल एबिलिटी फोटोग्राफी चैलेंज 2026 के तहत दिव्यांग फोटोग्राफर, चाहे वे शौकिया हों या पेशेवर, उन्हें अपनी तस्वीरों के माध्यम से अपने अनुभव, दृष्टिकोण और जीवन की कहानियों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसमें एक लाख से पांच लाख रुपये तक के पुरस्कार रखे गये है। इसका उद्देश्य इन कहानियों को मुख्यधारा में लाकर दिव्यांगता के प्रति सोच और दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसके लिए पंजीकरण शुरू हो गया है।

गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार यह प्रतियोगिता दिव्यांगजनों के लिए भारत की सबसे बड़ी समावेशी फोटोग्राफी प्रतियोगिता है और वैश्विक स्तर पर आयोजित की जा रही है। इसमें भाग लेना निःशुल्क है और यह सिर्फ दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए है। पिछले चार संस्करण में यह पहल 80 लाख से अधिक लोगों तक पहुंची, 50,000 से अधिक प्रतिभागियों को प्रेरित किया और 30 से अधिक देशों से प्रविष्टियां मिलीं। पिछले साल इस प्रदर्शनी आयोजन जापान और दुबई में भी किया गया था।

यूथ4जॉब फाउंडेशन की संस्थापक और सीईओ मीरा शेनॉय ने कहा, " हमारे कई विजेता अनेक चुनौतियों को रचनात्मक तरीके से पार करते हुए अब नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।" अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड के निदेशक जीत अदाणी ने कहा, "हम यूथ4जॉब फाउंडेशन के साथ जुड़कर खुश हैं। इससे वैश्विक स्तर पर दिव्यांगजनों की प्रतिभाओं को ऐसा मंच मिल सके, जहां वे फोटोग्राफी जैसी सबसे खूबसूरत, रचनात्मक कला में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। सच ही है हर तस्वीर हजार शब्दों के बराबर होती है।"पुरस्कार और सम्मान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए बड़ा पुरस्कार और वैश्विक पहचान के अवसर प्रदान किए जाएंगे।प्रथम पुरस्कार 5,00,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3,00,000 रुपये,तृतीय पुरस्कार 2,00,000 लाख रुपये और चौथा से 10वां पुरस्कार एक-एक लाख रुपये ( प्रत्येक ) के होंगे। प्रतियाेगिता की पहली 20 प्रविष्टियों को एक विशेष क्यूरेटेड प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा। पहले 10 विजेताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध प्रोडक्ट डिजाइनर माइकल फोली (फोली डिज़ाइन्स और टीएलवी सॉल्यूशंस के संस्थापक) द्वारा डिजाइन की गई ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।

पुरस्कार वितरण समारोह और प्रदर्शनी 24 जून 2026 को अहमदाबाद में आयोजित होगी। चयनित भारतीय विजेताओं और एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी के लिए यात्रा एवं आवास की व्यवस्था आयोजकों द्वारा की जाएगी। चयनित एंट्रीज को कई मीडिया प्लेटफॉर्म और वैश्विक अभियानों में भी प्रदर्शित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित