छपरा , मई 17 -- अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बिहार के ग्रामीण इलाकों में सस्ती दरों पर आंखों का इलाज सुनिश्चित करने के लिए रविवार को छपरा के मस्तिचक स्थिति अखंड ज्योति अस्पताल के साथ 'नेत्र चिकित्सा परियोजना' के भूमि पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया और इस कार्य के लिए 150 करोड़ रूपये सहयोग की घोषणा की।

इस अवसर पर संवाददाताओं से बात करते हुए श्री अदाणी ने कहा कि 'सेवा ही साधना है' के मूलमंत्र से प्रेरित होकर वह आज बिहार में 150 करोड़ रुपये की नेत्र स्वास्थ्य सेवा की नींव रख रहे हैं।

श्री अदानी ने इस कार्यक्रम से पहले 'एक्स' पर लिखा "मस्तिचक में बिहार की पवित्र धरती पर पहुंचते ही मेरा हृदय गर्व, भावनाओं और गहरे स्नेह से भर गया।" उन्होंने कहा कि किसी की आंखों की रोशनी वापस लौटाना केवल उपचार नहीं है, यह उस व्यक्ति के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और सम्मान को पुनः स्थापित करने का पवित्र कार्य है।

हमारे लिए "सेवा ही साधना है" केवल एक नारा नहीं, बल्कि करुणा को कर्म में बदलने की प्रेरणा है।

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति अस्पताल के सहयोग से " अदाणी सेंटर पर आई" की शुरुआत की जा रही है, जो जरूरतमंद लोगों को सुलभ और किफायती नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि 'अटोम' ट्रेनिंग सेंटर की भी शुरुआत की जा रही है, जो नेत्र विशेषज्ञों और महिला स्वास्थ्यकर्मियों की नई पीढ़ी तैयार करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित