प्रयागराज , नवंबर 03 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के रिश्तेदार खालिद जफर पर साथियों के साथ मिलकर एक युवक से मारपीट करने और पिस्टल की बट से हमला करने का आरोप लगा है।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के कसारी-मसारी में हुई इस घटना में युवक घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने खालिद जफर, उसके बहनोई इरफान हसन समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दामूपुर निवासी रमीज अहमद किसी काम से कसारी-मसारी आया था। उसका आरोप है कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वहां पहले से मौजूद खालिद जफर, इरफान हसन, खालिद का एक करीबी, जिसे लोग डॉक्टर कहते हैं, और चार-पांच अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ गालीगलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान खालिद जफर ने पिस्टल की बट से उस पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। अन्य लोगों ने भी उसके साथ मारपीट की।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर युवक को बचाया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोग समय पर नहीं पहुंचते तो आरोपी उसकी जान ले सकते थे। खालिद जफर अतीक अहमद की बहन का दामाद बताया जाता है। उसका नाम उमेश पाल हत्याकांड की केस डायरी में भी शामिल है। वह धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसे अतीक अहमद का कथित फाइनेंसर भी बताया जाता रहा है। वर्ष 2022 में उमेश पाल ने भी उसके खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़ित ने अपनी तहरीर में खालिद जफर और उसके साथियों पर जमीनों पर अवैध कब्जा करने तथा जबरन रंगदारी मांगने के आरोप भी लगाए हैं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले राजस्व विभाग की टीम मौके पर नापजोख कर लौट गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित