भोपाल , अप्रैल 06 -- लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के संरक्षक रघु ठाकुर ने प्रदेश में अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को फौरी राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाल की भारी बारिश और ओलावृष्टि से मध्यप्रदेश के अनेक जिलों में फसलें बुरी तरह नष्ट हो गई हैं और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

श्री ठाकुर ने कहा कि ग्वालियर संभाग के शिवपुरी, दतिया, भिंड, मुरैना और ग्वालियर सहित कई जिलों में व्यापक नुकसान हुआ है। भिंड जिले की मेहगांव, गोहद, रौन और लहार तहसीलों, दतिया के इंदरगढ़ तथा अन्य क्षेत्रों में फसलों की शत-प्रतिशत क्षति का अनुमान है। इसी प्रकार सागर जिले सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी भारी नुकसान की खबरें हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू की गई है, लेकिन इतने बड़े क्षेत्र में सर्वे में समय लगना स्वाभाविक है और राजस्व कर्मचारियों की संख्या भी सीमित है। ऐसे में किसानों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना आवश्यक है।

श्री ठाकुर ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनके लिए सामुदायिक भवनों या पंचायत भवनों में रहने और भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। जिन किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, उन्हें तत्काल 20 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से अंतरिम मुआवजा दिया जाए, जिसे बाद में अंतिम आकलन में समाहित किया जा सके।

उन्होंने यह भी मांग की कि बारिश और ओलावृष्टि से जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उनके परिजनों को तत्काल एक-एक लाख रुपए की सहायता दी जाए। साथ ही घायल व्यक्तियों को 20-20 हजार रुपए प्रति व्यक्ति की राहत राशि प्रदान की जाए। उन्होंने पार्टी की जिला इकाइयों से आह्वान किया कि वे जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन देकर इन मांगों को उठाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित