चंडीगढ़ , जून 23 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में महापौर के घर से महज 50 मीटर दूर घर के बाहर खड़ी एक महंगी मोटरसाइकिल सोमवार देर रात चोरी हो गयी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयी है।
हरियाणा के टोहाना का मूल निवासी हनी अरोड़ा यहां सेक्टर-15 में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा है। उसने बताया कि उसके पिता ने जन्मदिन पर उसे बुलेट मोटरसाइकिल उपहार में दी थी। पहले वह मोटरसाइकिल घर के अंदर खड़ी करता था, लेकिन कुछ समय से उसे बाहर सड़क पर खड़ी करनी पड़ रही थी। सोमवार सुबह बाइक गायब मिली।
सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बाइक के पास आते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक बाइक स्टार्ट करने की कोशिश करता रहा, जबकि दूसरा हैंडल लॉक तोड़ता नजर आया। करीब दो मिनट में दोनों लॉक तोड़ने में सफल हो गये और बाइक लेकर फरार हो गये। फुटेज में एक आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है।
हनी अरोड़ा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब शहर में हर जगह कैमरे लगे हैं और आरोपी का चेहरा भी स्पष्ट है, तो गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित