यमुनानगर , अक्टूबर 26 -- अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की मांग को लेकर राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ जिला यमुनानगर, हरियाणा ने सोमवार को विधायकों के नाम ज्ञापन सौंपे।
संघ की बैठक कार्तिकेय पार्क जगाधरी में जिला प्रधान जयप्रकाश मित्तल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि कुरुक्षेत्र से चंडीगढ़ तक निकाली जा रही पैदल न्याय यात्रा के समर्थन में जिले के विधायकों और मंत्रियों को ज्ञापन दिए जाएंगे।
संघ ने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट और पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय के फैसलों की भावना के अनुरूप 2014 की नियमितीकरण नीति लागू कर सभी अतिथि अध्यापकों को नियमित किया जाए।
यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार संघ ने बताया कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए वर्ष 2005 से2008 के बीच अतिथि अध्यापकों की नियुक्ति की गई थी। ये अध्यापक लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अभी भी नौकरी को लेकर असुरक्षा बनी हुई है।
ज्ञापन में बताया गया कि नियमितीकरण की मांग को लेकर 23 जून 2026 से कुरुक्षेत्र में अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। कई रैलियों के बाद अब पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से चंडीगढ़ में सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। कई दौर की बैठकों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
यह ज्ञापन हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के साथ मिलकर दिया गया। सढौरा विधायक रेणुबाला और यमुनानगर विधायक घनश्यामदास अरोड़ा के नाम ज्ञापन पार्षद विभोर आहूजा को सौंपे गए।
इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ के राज्य प्रेस सचिव गुलशन भारद्वाज, जिला प्रधान महिपाल सोनी, राज्य उपप्रधान राजबीर सिंह, महिला विंग की राज्य उपप्रधान मनजीत कौर, जिला प्रेस सचिव विजय कुमार और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित