कोटा , मार्च 24 -- राजस्थान में कोटा में हटाने के बाद पुनः लौटे अतिक्रमियों पर कोटा नगर निगम ने मंगलवार को कठोर कार्रवाई करते हुए उनके खोखों को जेसीबी से तोड़ दिया गया, जो बचीं उन्हें जब्त कर निगम में ले आया गया।
आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि सुभाष नगर में निर्माणाधीन पीएम ई-बस डिपो के बाहर अतिक्रमियों ने अपने खोखे लगा लिये थे। कुछ दिनों पूर्व डिपो के निरीक्षण के दौरान ये खोखे नजर आने पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते को इन्हें हटाने के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि दस्ते के वहां पहुंचते ही अतिक्रमी मोहलत मांगने लगे और फिर अपनी खोखे हटा भी लिये, लेकिन कुछ दिनों बाद अतिक्रमी फिर लौट आए। इसको देखते हुए आज फिर कार्रवाई की गई और मौके पर करीब 15 खोखे तोड़ दिये गये। कुछ को जब्त करके निगम ले आया गया।
श्री मेहरा ने बताया कि इसी तरह कंसुआ से डीसीएम चौराहे पर भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां सड़क पर दुकान का सामान फैलाने वाले व्यापारियों से पांच सौ रुपए जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा कुछ लोग मांस का अवैध कारोबार कर रहे थे, उनकी गुमटियों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित