प्रयागराज , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के सोरांव थाना क्षेत्र में सरकारी तालाब से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर एक युवक बुधवार सुबह करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। प्रशासन के समझाने और राजस्व टीम द्वारा मौके पर पैमाइश शुरू किए जाने के बावजूद युवक कई घंटे तक टावर से नीचे नहीं उतरा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सोरांव थाना क्षेत्र के बेनीपुरी गांव निवासी किसान लवकुश सिंह का आरोप है कि उनके घर के सामने स्थित सरकारी तालाब पर पड़ोसियों ने अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन माह से वह अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

इसी से क्षुब्ध होकर लवकुश बुधवार सुबह लहठी बाजार स्थित करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए। उनके हाथ में संबंधित अभिलेखों की फाइल भी थी। उन्होंने घोषणा की कि जब तक तालाब से कब्जा नहीं हटाया जाएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेंगे।

सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अनुराग शर्मा, नायब तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार, पुलिस उपायुक्त श्यामजीत, अन्य राजस्व अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बातचीत के दौरान नायब तहसीलदार द्वारा युवक से टावर पर चढ़ने के कारण पूछे जाने पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी तालाब की पैमाइश और सीमांकन की कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रशासन ने युवक को भरोसा दिलाया कि अतिक्रमण संबंधी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, इसके बावजूद समाचार लिखे जाने तक वह टावर पर ही डटा रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित