पटना , अप्रैल 28 -- बिहार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर बुलडोजर कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुये मंगलवार को कहा कि सरकार का दायित्व लोगों को उजाड़ना नहीं, बल्कि उन्हें बसाना है।

श्री अहमद ने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, वहां आम लोगों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार हो रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब, शोषित, वंचित, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के घर, दुकान और झोपड़ियां तोड़ी जा रही हैं, जो पूरी तरह अनुचित है।

राजद नेता ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल ऐसी नीतियों को कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय गरीबों की समस्याओं को सुना जाता था और उनके लिए रैन बसेरा, आवास और वैकल्पिक व्यवस्था की पहल की जाती थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि अतिक्रमण हटाने से पहले प्रभावित लोगों के पुनर्वास की ठोस व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित