रायगढ़ , मार्च 21 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के गेजामुड़ा गांव में अडानी कंपनी की रेल लाइन परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर चल रहा विवाद अब तेज हो गया है। विरोध कर रहे ग्रामीण शनिवार को बड़ी संख्या में कोतरारोड थाना पहुंचे और अपने साथी की गिरफ्तारी के विरोध में सामूहिक गिरफ्तारी देने की पेशकश की।

जानकारी के अनुसार, रेल लाइन निर्माण कार्य के विरोध में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसी मामले में शनिवार को पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।

साथी की गिरफ्तारी से नाराज ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया और आंदोलनरत लोगों के समर्थन में पूरा गांव एकजुट होकर थाने पहुंच गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने गिरफ्तारी देने की बात कही।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें उनकी जमीन का उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है, जिसके चलते वे विरोध करने को मजबूर हैं। वहीं, प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई है।

मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित