अहमदाबाद , अक्टूबर 06 -- अडानी समूह की बिजली कंपनी अडानी पावर और भूटान की सरकारी बिजली कंपनी ड्रुक ग्रीन पावर ने भूटान में 770 मेगावाट के चमखारचू-1 जलविद्युत परियोजना शुरू करने के लिए मंगलवार को शेयरहोल्डर्स एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर भूटान के प्रधानमंत्री ल्योंचेन दाशो शेरिंग तोबगे, भी मौजूद थे। यह परियोजना दोनों साझेदारों के बीच दूसरा बड़ा जलविद्युत सहयोग है। इससे पहले सितंबर 2025 में 570 मेगावाट की वांगचू जलविद्युत परियजना के लिए समझौता हुआ था। दोनों परियोजनाएं मई 2025 में अडानी समूह और ड्रूक ग्रीन पावर के बीच हुए 5,000 मेगावाट जलविद्युत विकास के बड़े सहमति पत्र का हिस्सा है।
यह 'पीकिंग रन-ऑफ-रिवर' परियोजना मध्य भूटान के झेमगांग जिले में चमखारचू नदी पर स्थित है। इसमें अडानी पावर की इक्विटी हिस्सेदारी 49 प्रतिशत और ड्रूक ग्रीन की 51 प्रतिशत है। यह परियोजना भूटान की हरित ऊर्जा बनाने की क्षमता को मजबूत करेगा और क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग को बढ़ाएगा। इसका निर्माण 2027 की पहली छमाही में शुरू होने की उम्मीद है और काम शुरू होने के छह साल बिजली उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित