अहमदाबाद , जुलाई 10 -- अडानी समूह की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और रासायनिक विनिर्माण में विशेषज्ञता रखने वाली फ्रांस की स्वच्छ-प्रौद्योगिकी कंपनी डायॉक्सीकल ने शुक्रवार को कार्बन उत्सर्जन न्यूनतम करते हुए रसायनों के उत्पादन के लिए दीर्घकालिक साझेदारी की घोषणा की।

इस पहल की शुरुआत अडानी समूह की एक साइट पर स्थापित किये जाने वाले पायलट संयंत्र से होगी। इस संयंत्र में कैप्चर किये गये कार्बन डाइऑक्साइड और नवीकरणीय बिजली का उपयोग करके फॉर्मिक एसिड का उत्पादन किया जायेगा। यदि यह परीक्षण सफल रहा और इस्तेमाल की गयी तकनीक का सत्यापन हो गया तो दोनों कंपनियां वाणिज्यिक स्तर पर इसके विस्तार करेंगी।

फॉर्मिक एसिड और इसके निर्माण में बने सह-उत्पादों का व्यापक उपयोग वस्त्र, कृषि और विनिर्माण सहित कई उद्योगों में किया जाता है।

अडानी एंटरप्राइजेज ने बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य डायॉक्सीकल की विद्युत-आधारित रासायनिक विनिर्माण तकनीक को अडानी समूह की स्वच्छ ऊर्जा क्षमताओं, अवसंरचना मंच और परियोजना निष्पादन विशेषज्ञता के साथ जोड़कर टिकाऊ और लागत-प्रतिस्पर्धी रासायनिक उत्पादन का एक नया मॉडल विकसित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित