नयी दिल्ली , मई 11 -- 'ऑपरेशन सिंदूर' की पहली वर्षगांठ के अवसर पर वायु सेना ने यहां 88 घंटे की "ऑपरेशन सिंदूर यादगार दौड़" का आयोजन किया।

इस दौड़ के माध्यम से भारतीय वायु सेना के 88 घंटों के सफल हवाई अभियानों की पहली वर्षगांठ मनाई गई, जिसने निर्णायक और सटीक हमले की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। भारतीय वायु सेना और भारतीय सेना की सभी कमानों से कुल 600 धावकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

इस दौड़ को ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के समय 6 मई को देर रात एक बजकर पांच मिनट पर इंडिया गेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और इसका समापन ऑपरेशन सिंदूर रोके जाने के समय 10 मई शाम पांच बजे एयर फोर्स स्टेशन, नई दिल्ली में हुआ।

इसका आयोजन 88 घंटे तक चलने वाली निरंतर रिले प्रारूप में किया गया जिसमें असैनिक अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नागरिक स्वयंसेवकों ने भी दौड़ में पूरे जोश के साथ भाग लिया।

यह दौड़ दिल्ली के महत्वपूर्ण स्थलों से गुजरी जिनमें इंडिया गेट, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, वायु सेना मुख्यालय वायु भवन, नेहरू पार्क और न्यू मोती बाग रोड शामिल हैं।

इस दौड़ का उद्देश्य वायु सेना के कर्मियों के बीच एकजुटता की भावना को बढ़ावा देना और साथ ही भारतीय सशस्त्र बलों की आम लोगों तक पहुंच और उपस्थिति को बढ़ाना था।

इस दौरान भारतीय वायु सेना के जैज बैंड ने भी 10 मई को नेहरू पार्क में सुबह ढाई घंटे तक प्रस्तुति दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित