नागपुर , अक्टूबर 26 -- केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित टिप्पणी की आलोचना की और इसे अनुचित और अस्वीकार्य बताया।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी के दिवंगत पिता के बारे में की गई विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला।

श्री अठावले ने यहाँ पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि श्री खरगे एक ऐसी बड़ी राजनीतिक पार्टी के प्रमुख हैं जो 60 वर्षों से ज्यादा समय तक सत्ता में रही है, और ऐसी पार्टी के अध्यक्ष का प्रधानमंत्री का अपमान करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा, "मल्लिकार्जुन खरगे एक बड़ी पार्टी के अध्यक्ष हैं। ऐसी पार्टी के अध्यक्ष का प्रधानमंत्री का अपमान करना उचित नहीं है। ऐसा लगता है कि उन्हें इस तरह की टिप्पणियां करने की आदत है, जो बिल्कुल भी सही नहीं है। इस तरह की बातें करना पूरी तरह से अस्वीकार्य है, यह प्रधानमंत्री का घोर अपमान है।"रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान श्री खरगे द्वारा की गई टिप्पणी से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष की कड़ी आलोचना की है और उनसे माफी की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित