नयी दिल्ली , सितंबर 04 -- केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने दिल्ली के नजफगढ़ जोन में कचरा बीनने वाले श्रमिकों को 'नमस्ते' कार्ड वितरित करने के कार्यक्रम का उद्घाटन किया और लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किये हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री अठावले ने गुरुवार को मटियाला स्थित एमसीडी सामुदायिक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में देश की स्वच्छता एवं स्वास्थ्यकर वातावरण सुनिश्चित करने में कचरा बीनने वाले श्रमिकों के अथक योगदान की सराहना की। उन्होंने उनके कार्य की परिस्थितियों में कल्याणकारी योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने में सरकार के पूर्ण सहयोग एवं निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया।

यह कार्यक्रम राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र कार्य (नमस्ते) योजना के तहत कचरा बीनने वाले श्रमिकों को औपचारिक रूप से पहचान और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस योजना का उद्देश्य देशभर में स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार करना है।

'नमस्ते' कार्ड के साथ-साथ श्री अठावले ने उपस्थित कचरा बीनने वाले श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किये, जिससे इस महत्वपूर्ण कार्यबल को स्वास्थ्य सेवा कवरेज का लाभ उपलब्ध कराया गया।

श्री अठावले ने भारतीय शहरों को स्वच्छ रखने में कचरा बीनने वाले श्रमिकों के अथक योगदान की सराहना की और उनके कार्य को देश के स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य संबंधी प्रयासों के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने श्रमिकों को उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार लाने तथा कल्याणकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने में सरकार के पूर्ण सहयोग और निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया।

राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र कार्ययोजना (नमस्ते) केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की केन्द्रीय क्षेत्र की एक योजना है। इसे सीवर और सेप्टिक टैंक कर्मियों तथा कचरा बीनने वाले श्रमिकों सहित स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और सामाजिक-आर्थिक उत्थान सुनिश्चित करने के लिए लागू किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य व्यावसायिक सुरक्षा, श्रमिकों की औपचारिक पहचान, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक सुरक्षा लाभों तक पहुंच, कौशल विकास तथा जोखिमपूर्ण स्वच्छता कार्यों के मशीनीकरण पर ध्यान केद्रित करना है। इसका लक्ष्य देशभर में जोखिमपूर्ण मैनुअल सफाई की कार्य प्रणालियों को समाप्त करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित