चंडीगढ़ , जून 25 -- हरियाणा में 28 जून से शुरू होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के निदेशक (एमसीएच) वीरेंदर यादव की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गयी। बैठक में अभियान के सफल संचालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में राज्यभर के सिविल सर्जन, जिला टीकाकरण अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पंचायती राज, शहरी स्थानीय निकाय, श्रम, आयुष, परिवहन और रेलवे विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) , इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) और रोटरी क्लब ने भी अभियान को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तीन दिवसीय अभियान 28 जून को बूथ स्तर की गतिविधियों के साथ शुरू होगा। इस दिन अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी टीकाकरण केंद्रों पर पोलियो की खुराक दिला सकेंगे। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी जो पहले दिन छूट गये होंगे।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत हरियाणा में शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के करीब 36.09 लाख बच्चों को टीकाकरण के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित विभागों और संगठनों से अभियान को सफल बनाने तथा हर पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित