चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़क) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि महेंद्रगढ़ जिले के अटेली क्षेत्र के उनींदा गांव में 15.87 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है।

श्री गंगवा ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित रेस्ट हाउस में बिजली सहित सभी आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ सरकारी कार्यों के संचालन में भी सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना से संबंधित सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित