रायपुर , अगस्त 16 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ को नई पहचान दी तथा प्रदेश आज उनके सुशासन और अंत्योदय के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने यहां मुख्यमंत्री निवास परिसर में वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी उपस्थित थे।

श्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ के निर्माता और प्रदेशवासियों की भावनाओं को सम्मान देने वाले महान राष्ट्रनायक थे। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण उनके दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और संवेदनशील सोच का परिणाम है। उन्होंने इस अंचल की भौगोलिक विशिष्टताओं, विकास की आवश्यकताओं और पृथक राज्य की वर्षों पुरानी जनआकांक्षा को समझकर प्रधानमंत्री के रूप में उसे साकार किया।

उन्होंने कहा कि वाजपेयी का छत्तीसगढ़ से रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आत्मीय और भावनात्मक भी था। उन्हें स्वयं भी वाजपेयी का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला। उनके साथ जुड़ी स्मृतियां आज भी उन्हें जनसेवा के मार्ग पर प्रेरित करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी संवेदनशील कवि, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता थे। वैचारिक दृढ़ता के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और संवाद उनके सार्वजनिक जीवन की विशेषता थी। राष्ट्रहित उनके लिए सदैव सर्वोपरि रहा।

श्री साय ने कहा कि वाजपेयी ने सुशासन और अंत्योदय को शासन का आधार बनाकर विकास की ऐसी विरासत स्थापित की, जो आज भी देश को दिशा दे रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को सड़कों से जोड़ने की पहल ने ग्रामीण भारत के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति दी।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता देते हुए वाजपेयी के कार्यकाल में पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। यह फैसला जनजातीय समुदायों के विकास, अधिकारों और आकांक्षाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी ने जिस छत्तीसगढ़ की आधारशिला रखी, उसे समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना सभी का दायित्व है। राज्य सरकार उनके सुशासन, अंत्योदय और जनकल्याण के मूल्यों को आत्मसात करते हुए अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित