रायपुर , मई 29 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए नए शैक्षणिक सत्र से निजी आवासीय विद्यालयों में प्रवेश की सीटें 100 से बढ़ाकर 200 कर दी हैं।
श्रम विभाग के सचिव एवं श्रमायुक्त हिमशिखर गुप्ता ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र श्रमिक परिवारों के बच्चों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और श्रम मंत्री लखन देवांगन के मार्गदर्शन में श्रमिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में बताया गया कि अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदेश के चयनित उत्कृष्ट निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों की शिक्षा, आवास एवं अन्य खर्चों का वहन श्रम विभाग करेगा।
श्रमायुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि योजना का लाभ किसी अपात्र व्यक्ति को मिलने अथवा शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित जिला श्रम अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में श्रमिक पंजीयन, नवीनीकरण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को श्रमिकों के पंजीयन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने, कारखानों का नियमित निरीक्षण करने तथा लाइसेंस प्राप्त श्रमिकों की वास्तविक संख्या का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान मिनी माता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर श्रमायुक्त एस.एल. जांगड़े, सविता मिश्रा, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल के सचिव गिरीश रामटेके, उप सचिव विपुल गुप्ता तथा विभिन्न जिलों के श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित