नयी दिल्ली , अक्टूबर 28 -- विदेश मंत्री एस. जयशंकर 30 और 31 अक्टूबर को अमेरिका के अटलांटा में होने वाली जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में एक सवाल के जवाब में बताया कि बैठक से इतर वह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे और अपने समकक्षों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

प्रवक्ता ने कहा कि अटलांटा के बाद विदेश मंत्री एंटीगुआ और बारबुडा के सेंट जॉन्स जायेंगे। वहां वह एक से चार नवंबर तक होने वाली राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

इस बैठक की थीम "समृद्ध राष्ट्रमंडल के लिए साझेदारी और निवेश को गति देना" है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित