जयपुर , मार्च 11 -- राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा है कि राज्य एवं केन्द्र सरकार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बताये मार्ग पर चले तो आने वाले समय में इसका सब लोगों को फायदा मिलेगा।

श्री जूली मंगलवार रात यहां विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा विधानसभा में किये गये नवाचारों पर आधारित पुस्तक संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष नवाचारों के दो वर्ष और सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि के नवीन संस्करण कृति के विमोचन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि श्री वाजपेयी ने सब लोगों को साथ लेकर चलने का काम किया और राज्य और केन्द्र सरकार भी अटलजी के बताये मार्ग पर चले तो आने वाले समय इसका फायदा हम सब लोगों मिलेगा।

उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का सही हल बातचीत से ही निकल सकता हैं और तभी स्वस्थ राजनीति का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि पुराने नेताओं की चर्चा होती हैं कि पूर्व भैरों सिंह शेखावत एवं अशोक गहलोत ने जो काम किया उन्हें पक्ष और विपक्ष के लोग याद करते हैं।

उन्होंने श्री देवनानी के विधानसभा में किए नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा में समयबद्ध काम किया हैं और उनके प्रयासों से विधायकों के 97 प्रतिशत प्रश्नों के उत्तर आ चुके है। उन्होंने इसके शतप्रतिशत की उम्मीद जताते हुए इसे बहुत बड़ी कामयाबी बताया।

श्री जूली ने कहा कि हम सब लोग मिलकर ऐसे राजस्थान की कल्पना कर रहे हैं जो आने वाले समय में पूरे देश और दुनियां में अपना माद्दा दिखा सकता हैं और राजस्थान का ऐसा इतिहास है जो दुनिया में नहीं है और अपने इस इतिहास से सीख लेते हुए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को संरक्षण विधानसभा से ही मिलता है और इस बार विधानसभा का बहत अच्छा सत्र रहा है जिसमें कोई कटुता पैदा नहीं हुई। उन्होंने श्री देवनानी की प्रशंसा करते हुए कहा कि आसान तरीके से समाधान हुए जिसका फायदा राजस्थान की जनता को मिला।

उन्होंने कहा कि विधानसभा के सदन में पक्ष और विपक्ष दोनों सदस्यों को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित