जालौन। , जून 21 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन के थाना आटा क्षेत्र के ग्राम अटरिया में फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में घायल युवक की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल ने बताया कि 20 जून 2026 की देर रात ग्राम अटरिया निवासी संजीव कुमार अहिरवार ने पुलिस को सूचना दी कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनके बाएं हाथ में गोली लगने से चोट आई। सूचना मिलते ही थाना आटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया।

सीओ राजेश कमल के अनुसार मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने घायल की स्थिति सामान्य बताई है तथा वह खतरे से बाहर हैं। घटना के संबंध में घायल के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर पांच नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित