सुपौल , सितम्बर 11 -- बिहार में सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम अज्ञात चार पहिया वाहन की ठोकर से एक अनाज विक्रेता की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-131 पर के.एन. कॉलेज के समीप 45 वर्षीय अनाज विक्रेता कामेश्वर खिड़हरी अपनी दुकान के सामने एक ग्राहक को अनाज दिखा रहे थे। इसी दौरान राघोपुर से पिपरा की ओर तेज रफ्तार से जा रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गये।

सूत्रों ने बताया कि घायल कामेश्वर को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। इसके बाद मधेपुरा स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित