अलवर , मई 29 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि चिकानी क्षेत्र के पंजाबी का बास निवासी अनीश (28) अपनी पत्नी शाइस्ता के साथ मोटर साइकिल से सीकरी में स्थित ससुराल जा रहा था। रास्ते में सहजपुर गांव के पास तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने दोनों को तत्काल गोविंदगढ़ अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान अनीश ने गुरुवार देर शाम दम तोड़ दिया, जबकि उसकी पत्नी का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित