फर्रुखाबाद , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कम्पिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव निवासी सुनील (40) अपने 12 वर्षीय पुत्र विनय के साथ बदायूं जिले के अटैना गांव स्थित अपनी ससुराल गए थे। शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे दोनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अटैना पुल से लगभग आधा किलोमीटर आगे कम्पिल थाना क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक हरीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए कम्पिल-रामेश्वरम मंदिर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित