रायसेन , मार्च 02 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के उदयपुरा के पास नोनिया बरेली मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों युवक कई घंटे तक सड़क पर पड़े रहे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान चली गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राहुल सिंह और उत्तम के रूप में हुई है। बताया गया है कि राहुल सिंह अपने मित्र उत्तम के भाई के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायसेन से स्कूटी से निकले थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित