रायगढ़ , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के एक उप प्रबंधक (खनन) की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह हादसा शुक्रवार रात करीब आठ बजे तमनार चौक के पास हुआ। मृतक की पहचान मुकेश कुमार पटेल (50) के रूप में हुई है। वह सक्ती जिले के डभरा थाना के बिजनी गांव का रहने वाले थे जो ड्यूटी कर रायगढ़ से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तमनार चौक के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेज दिया। मृतक बरौद खुली खदान, घरघोड़ा में उप प्रबंधक (खनन) के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद एसईसीएल कर्मचारियों में शोक की लहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित