बहराइच, जनवरी 28 -- त्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नानपारा मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामगांव थाना क्षेत्र के टेढ़िया गांव निवासी छोटे लाल यादव अपने बेटे केशव राम यादव (45), कमल चंद्र यादव (28), बहू रेखा (26) तथा दो वर्षीय पोती सोनम के साथ लखनऊ गए थे। मंगलवार देर रात सभी लोग कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोहरवा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर रामगांव पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में इलाज करा रहे कमल चंद्र यादव और केशव राम यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी गुरुसेन ने बताया कि दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित