भीलवाड़ा , जुलाई 20 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग -158 पर रविवार देर रात एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से सड़क पार कर रहीं 11 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि छह भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात भेड़ों का एक झुंड सड़क पार कर रह रहा था। तभी तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे कई भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना में पशुपालक किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना पुलिस को तुरंत दे दी गई, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के चलते राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में स्थानीय लोगों ने मृत और घायल भेड़ों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित