अलवर , सितम्बर 24 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा क्षेत्र के वार्ड नंबर चार में बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब साढ़े 10 बजे हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पीड़ित शिवशंकर सोनी के मुताबिक, 10 से अधिक बदमाश उनके घर के बाहर पहुंचे और दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद सभी हमलावर घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों पर अचानक हमला शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे और उनके हाथों में लोहे की लाठियां, डंडे, धारदार हथियार और कांटेदार तार से लिपटे डंडे जैसे हथियार थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने बिना किसी बातचीत या चेतावनी के शिवशंकर सोनी और उनके परिजनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में शिव सोनी के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। उनकी पत्नी, माता और छोटे भाई मोहन के साथ भी मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित