जयपुर , जून 01 -- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा वरिष्ठ संगठनकर्ता एवं उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार को राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किये जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री शर्मा ने प्रदेश महामंत्री संगठन की नियुक्ति पर श्री कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजस्थान जैसे राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रदेश में प्रदेश महामंत्री (संगठन) की नियुक्ति उनके संगठनात्मक कौशल, प्रभावी नेतृत्व क्षमता और परिणाम देने वाली कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। यह निर्णय भाजपा नेतृत्व के उस विश्वास को भी दर्शाता है कि अनुभवी एवं सक्षम संगठनकर्ता ही संगठन को नयी दिशा और नई ऊर्जा प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार ने विश्वास व्यक्त किया है कि अजेय कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राजस्थान भाजपा संगठन और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं जनोन्मुखी बनेगा।
श्री राठौड़ ने कहा कि श्री अजेय कुमार का संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण तथा कुशल नेतृत्व राजस्थान भाजपा संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में भाजपा राजस्थान संगठन नयी ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा संगठन विस्तार और जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
इसी तरह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, नाहर सिंह जोधा, ज्योति मिर्धा, अल्का मूंदडा, सरिता गेना, बिहारी लाल विश्नोई, छगन माहुर, हकरू भाई मईडा, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघवाल, मिथिलेश गौतम सहित प्रदेश पदाधिकारियों तथा प्रदेश कार्यकर्ताओं ने संगठन महामंत्री की नियुक्त पर हर्ष व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित