देवरिया, जून 22 -- ओमान तट पर अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले देवरिया के सुरौली गांव निवासी नाविक शिवानंद चौरसिया के परिवार को न्याय दिलाने की मांग अब और तेज हो गई है।
सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने शहर के सुभाष चौक पर चल रहे न्याय सत्याग्रह में शामिल होकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उसके बाद शिवानंद चौरसिया के पैतृक आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया ।
श्री राय ने कहा कि शिवानंद चौरसिया की मृत्यु केवल एक परिवार की व्यक्तिगत क्षति नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए पीड़ादायक घटना है। इस कठिन समय में कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ पूरी से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी। न्याय सत्याग्रह को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यदि विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कूटनीतिक पहल की गई होती, तो ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सकता था। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की कूटनीतिक विफलता बताते हुए कहा कि यह केवल तीन भारतीय नागरिकों की मृत्यु का प्रश्न नहीं, बल्कि खाड़ी देशों में कार्यरत करोड़ों भारतीयों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दिवंगत शिवानंद चौरसिया के परिवार के साथ न्याय करने के बजाय उन्हें आश्वासनों के जाल में उलझा रही है। उन्होंने मांग किया कि दिवंगत शिवानंद चौरसिया को शहीद का दर्जा प्रदान दिया जाय, परिवार के एक आश्रित सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाय, उनके बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाय तथा परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किया जाय। इस अवसर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह,पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो, पूर्व विधायक सदल प्रसाद आदि थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित