प्रयागराज , मई 30 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध अभियान तेज कर दिया है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर विभिन्न मंडलों में कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की।

प्रयागराज में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस नेता मोहम्मद फरहान ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में सुशासन के बजाय उत्पीड़न और दमन की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि दलितों, महिलाओं और कमजोर वर्गों के हितों की आवाज उठाने वाले लोगों को मुकदमों के माध्यम से दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

फरहान ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसे कदमों से भयभीत नहीं होंगे और दलित उत्पीड़न, भ्रष्टाचार तथा अन्याय के खिलाफ उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में दलितों के खिलाफ बड़ी संख्या में उत्पीड़न की घटनाएं सामने आई हैं और इस संबंध में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का भी हवाला दिया।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं और दलित बेटियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं तथा विभिन्न सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की कथित विफलताओं को उजागर करने के लिए अभियान चलाएगी।

मोहम्मद फरहान ने महोबा की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार से मिलने गए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जिसे उन्होंने विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास बताया।

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की और विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित