वाराणसी , अक्टूबर 17 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही नहीं हुआ है, लेकिन प्रदेश में सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को अपनी पुरानी विधानसभा सीट पिंडरा से चुनावी अभियान का आगाज किया। उन्होंने लहुराबीर स्थित अपने आवास से समर्थकों के साथ पिंडरा पहुंचकर नकटेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और जनसंपर्क अभियान शुरू किया।

श्री राय ने कहा कि पिंडरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार तय है। यहां की जनता का प्यार हमेशा उनके साथ रहा है और उनके राजनीतिक जीवन का लंबा सफर इसी क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी और राहुल गांधी शुरू से उनके साथ रहे हैं। वह कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और पद आते-जाते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि वह हर नवरात्र में मां के दरबार में जाकर आशीर्वाद लेते हैं। शनिवार को नवरात्र की सप्तमी पर भी उन्होंने मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। श्री राय ने देश की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में लोग सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं। जनता अब भाजपा को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की हार देश में उसकी सबसे बड़ी हार साबित होगी। उनके इस बयान को पिंडरा विधानसभा सीट से आगामी चुनाव लड़ने की तैयारी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित