चंडीगढ़ , जून 30 -- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या में नजरबंद किए जाने की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ बताया।

श्री सिंह ने कहा कि किसी विपक्षी नेता को भगवान श्रीराम के दर्शन करने से रोकना और प्रशासनिक कार्रवाई के जरिए उसकी आवाज़ दबाना लोकतंत्र की भावना के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मामलों में गंभीर आरोप सामने आए हैं तो उनका जवाब विपक्ष को रोकने के बजाय निष्पक्ष और पारदर्शी जांच से दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में सीसीटीवी फुटेज गायब होने और भूमि खरीद में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित