चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को अबोहर के अजय कुमार के परिजनों के साथ विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे।
अजय कुमार की पिछले महीने एक मंदिर के बाहर गोली मारकर हत्या का प्रयास किया गया था। उपचार के दौरान 19 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मौत से पहले दिए गए बयान के बावजूद पुलिस ने अब तक प्राथमिकी दर्ज कर वास्तविक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है।
श्री जाखड़ ने मांग की कि पुलिस अजय कुमार के मृत्यु से पहले दिए गए बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कार्रवाई करे। उन्होंने कहा, " इस बहरी सरकार को अपनी बात सुनाने के लिए हमें बार-बार यहां आना पड़ेगा। मुख्यमंत्री या उनकी सरकार के किसी मंत्री में इस परिवार की फरियाद सुनने का साहस नहीं है। "उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने और पंजाब की राजनीति का अपराधीकरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि परिवार द्वारा आरोपी बताए जा रहे व्यक्ति को आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल और आप नेता मनीष सिसोदिया का संरक्षण प्राप्त है।
श्री जाखड़ के अनुसार, अजय की हत्या वाले दिन श्री केजरीवाल ने भी उक्त व्यक्ति को आशीर्वाद दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उम्रकैद की सजा काट रहा एक व्यक्ति जमानत पर बाहर है और उसे पुलिस सुरक्षा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को किसी कथित अपराधी के इस्तेमाल में लगा दिया जाए तो आम लोगों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति ने पंजाब नेशनल बैंक के कुछ अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर करीब 220 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। उनके मुताबिक, बैंक की बकाया राशि की वसूली के लिए संपत्तियों की नीलामी रोकने के उद्देश्य से उसे पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई। उन्होंने कहा कि आप का कथित तौर पर गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों के प्रति झुकाव अब उजागर हो रहा है।
श्री जाखड़ ने कहा कि विधानसभा का सत्र जारी रहने तक वह न्याय की मांग कर रहे परिवार के साथ रोजाना धरने में शामिल होंगे। इस दौरान अजय की मां और बहन ने मीडिया को मामले से जुड़ी घटनाओं की जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि हत्या के आरोपी ने अपने राजनीतिक संरक्षक 'शोली' का जिक्र करते हुए लोगों को धमकाने वाला वीडियो पोस्ट किया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त राजनीतिक संरक्षक को आम आदमी पार्टी ने अबोहर में पार्टी प्रमुख नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि अजय के भाई की गवाही के आधार पर 2015 के चर्चित भीम हत्याकांड में आरोपियों को दोषी ठहराया गया था। अजय के परिजन अब उसी मामले से जुड़े लोगों पर उसकी हत्या में शामिल होने का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।अजय का शव अब भी अबोहर के सिविल अस्पताल में रखा हुआ है, जहां स्थानीय लोग भी न्याय की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित