अजमेर , मार्च 12 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जलदाय विभाग को सख्त हिदायत दी है कि गर्मी के मौसम में अजमेर शहर में 48 घंटे में जलापूर्ति किसी भी तरह बाधित नहीं होनी चाहिए और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री देवनानी गुरूवार को सर्किट हाऊस में जलदाय विभाग के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने जेईएन एवं एईएन अधिकारियों के कामकाज में लापरवाही पर नाराजगी जताई और कहा कि आमजन के काम गंभीरता एवं अधिकारी फील्ड में रहकर लगातार मॉनिटरिंग करें।। उन्होंने बजट घोषणाओं की भी समीक्षा की और कहा कि कामकाज में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि इस बार गर्मी जल्द शुरू हो गई है। जुलाई तक मौसम गर्म रहेगा। पानी की खपत बढ़ेगी, यह विभाग के लिए चुनौती भरा समय है। अजमेर को आगे से पर्याप्त जलापूर्ति हो रही है। ऎसे में शहर में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बैठक में जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से अमृत योजना 2.0 की प्रगति, ग्राम माकड़वाली और लोहागल में नवनिर्मित पानी की टंकी से सप्लाई चालू करने की वस्तुस्थित, बोराज रावत नगर, ईदगाह, मिलिट्री स्कूल नवनिर्मित पानी की टंकी से सप्लाई की प्रगति, वरूण सागर से फिल्टर प्लांट तक बिछाई जा रही पाइप लाइन की प्रगति एवं लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कार्यों की जानकारी ली गई। श्री देवनानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले गर्मी के मौसम में क्षेत्र की जनता को पेयजल के लिए परेशान ना होना पड़े इसकी पर्याप्त मॉनिटरिंग करें।
अधिकारियों द्वारा जोन के अनुसार लगने वाले बल्क मीटर की स्थिति, नगर निगम, अजमेर में परिसीमन में सम्मिलित ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति हेतु बजट घोषणा अनुसार डीपीआर बनाने की कार्यवाही, बजट घोषणा में हैण्डपम्प एवं ट्यूबवेल की प्रगति से अवगत कराया गया।
श्री देवनानी ने बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत अजमेर शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए बीसलपुर जयपुर पेयजल परियोजना स्टेज द्वितीय (फेज-द्वितीय) के अन्तर्गत कॉमन इनटेक वेल, विथ रॉ वाटर ट्रान्समिशन लाइन जल शोधन संयंत्र मय क्लियर वाटर ट्रान्समिशन लाइन एवं स्वच्छ जलाशय निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित