जयपुर , मई 02 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देश एवं प्रयासों से अजमेर के केसरबाग पुलिया को चौड़ा एवं ऊंचा करने के प्रस्ताव को राज्य स्तर पर स्वीकृति मिल जाने से इस परियोजना पर लगभग 6.4 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
आधिकारिक सूूत्रों के अनुसार इसके साथ ही तीन करोड़ रूपए की लागत से पुलिस लाईन नाले का कायाकल्प किया जाएगा। नगर निगम ने इसके निविदा की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है तथा आगामी 15 मई तक कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। इससे अजमेर शहर को हर वर्ष मानसून के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
अजमेर में बारिश के समय केसरबाग और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए श्री देवनानी लगातार प्रयासरत थे।
इस परियोजना को शीघ्रता से क्रियान्वित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ समय-समय पर लगातार बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए ताकि आगामी मानसून से पूर्व शहरवासियों को इसका लाभ मिल सके।
उल्लेखनीय है कि राज्य बजट वर्ष 2026-27 में अजमेर शहर के लिए 200 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना को भी स्वीकृति दी गई है। श्री देवनानी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस कार्य के पूर्ण होने के बाद अजमेर शहर को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
श्री देवनानी ने नगर निगम को निर्देशित किया है कि आनासागर एस्केप चैनल की सफाई का कार्य भी अभी से शुरू किया जाए ताकि बारिश में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आए। इन निर्देशों के पालना में नगर निगम ने ब्रह्मपुरी नाले का सफाई कार्य शुरू भी कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित