अजमेर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान वाले बयान से आक्रोशित कांग्रेसजनों ने अजमेर में राठौड़ का पुतला फूंककर नारेबाजी करके उनके इस्तीफे की मांग की।
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के प्रदेश व्यापी आह्वान के तहत अजमेर शहर जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष, पूर्व विधायक डाॅ राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में स्थानीय ज्योतिबाई फूले सर्किल स्थित कांग्रेस कार्यालय पर इकट्ठा हुए कांग्रेसियों ने भाजपा और मदन राठौड़ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके पुतले को आग के हवाले कर दिया। डाॅ. जयपाल ने मांग की है कि ऐसे 'पाकिस्तानी प्रेमी' को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही श्री राठौड़ के खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। पुतला दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित