भीलवाड़ा , मार्च 28 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के जिला पुलिस लाइन मैदान शनिवार को सुबह अजमेर रेंज स्तरीय अंतर जिला पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2025 का भव्य शुभारंभ हुआ।

मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजे) रूपेंद्र सिंह सिद्धू ने ध्वजारोहण करके शांति के प्रतीक सफेद कपोत उड़ाकर खेल महाकुंभ की औपचारिक शुरुआत की।

इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए श्री सिद्धू ने कहा कि राजस्थान पुलिस ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनायी है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कठिन ड्यूटी के बीच खेल न केवल तनाव कम करते हैं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भी अपरिहार्य हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस बार रेंज प्रतियोगिता में दो नये जिले पहली बार शिरकत कर रहे हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर और अधिक बढ़ेगा।

उद्घाटन समारोह में छह जिलों के पुलिस खिलाड़ियों ने सफेद गणवेश में कदम से कदम मिलाते हुए शानदार मार्च पास्ट किया। कार्यक्रम के दौरान घुड़सवारी के हैरतअंगेज करतबों और फायर प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर अजमेर रेंज महानिरीक्षक भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव सहितरेंज के अन्य आला अधिकारी मौजूद रहे।

अनुशासन के इस संगम में अजमेर रेंज के भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक, नागौर, ब्यावर और डीडवाना-कुचामन जिलों के सैकड़ों खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपना कौशल दिखाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, फुटबॉल और वॉलीबॉल सहित कई अन्य खेलों का आयोजन होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित