अजमेर , नवम्बर 01 -- राजस्थान में अजमेर में रविवार से 'ब्रिक्स टिकाऊ जीवनशैली' सप्ताह की शुरुआत हो गई।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि पहले दिन विभिन्न विभागों में कई गतिविधियाँ हुई। एक से सात नवम्बर तक आयोजित किए जा रहे ब्रिक्स टिकाऊ जीवनशैली सप्ताह के प्रथम दिन अजमेर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विविध जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस मौके पर वन विभाग द्वारा अजमेर वन मण्डल के विभिन्न स्थानों पर प्रकृति पथ, जन-जागरूकता गतिविधियों एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा शपथ ग्रहण एवं पौधारोपण गतिविधियां आयोजित की गईं।

आयुर्वेद विभाग द्वारा राजकीय आयुर्वेद नर्सिंग कॉलेज, अजमेर में ब्रिक्स सप्ताह का शुभारंभ किया गया। वहीं विभाग द्वारा स्वस्थ जीवनशैली एवं आयुर्वेद के प्रति जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।

राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा लघु उद्योग भारती एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, कायड़ माइंस के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, अजमेर में योग सत्र एवं स्वास्थ्य एवं जागरूक जीवनशैली संबंधी शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने शिरकत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित