अजमेर , मई 25 -- राजस्थान के अजमेर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निशुल्क योग एवं प्राणायाम प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ।

यह शिविर आगामी 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य आमजन को योग, प्राणायाम एवं भारतीय जीवन पद्धति से जोड़ते हुए स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक समाज का निर्माण करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल शामिल हुई। श्रीमती भदेल ने अपने उद्बोधन में योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया और कहा कि योग के माध्यम से निरोगी जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, अनुशासित और सकारात्मक बनाने की वैज्ञानिक पद्धति है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली, अनियमित खानपान और भौतिक सुख-सुविधाओं की अंधी दौड़ ने मनुष्य को अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं की ओर धकेला है लेकिन भारत की सनातन परंपरा और महर्षि पतंजलि द्वारा प्रदत्त योग ज्ञान आज भी मानवता को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विवेकानंद केंद्र के प्रांत कार्य पद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र शर्मा ने शिविर की रूपरेखा एवं विशेष योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को योगमय बनाने की साधना है। उन्होंने बताया कि शिविर में नियमित सहभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए 'कर्मयोगी सम्मान', 'योगदूत सम्मान', 'अनुशासन योगी सम्मान', 'प्रेरणा योगी सम्मान', 'स्वास्थ्य साधक सम्मान', 'शक्ति योगिनी सम्मान', 'युवा योग प्रेरक सम्मान' एवं 'योग प्रशिक्षक गौरव सम्मान' जैसी विशेष श्रेणियां निर्धारित की गयी हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि 21 जून तक के इस एक महीने के नियमित अभ्यास से प्रतिभागी न केवल अपने स्वास्थ्य में सकारात्मक परिवर्तन अनुभव करेंगे, बल्कि स्वयं भी योग प्रशिक्षण देने में सक्षम बन सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित